शंकर दयाल शर्मा की रिपोर्ट -जिले में कई महत्वपूर्ण सड़क निर्माण की परियोजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है।
कुछ सड़कों के निर्माण में भू अर्जन मुआवजा के भुगतान एवं अतिक्रमण जैसी छोटी-छोटी बाधाएं आ रही हैं, जिसके कारण निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब हो रहा है। इन बाधाओं को त्वरित गति से दूर करने को लेकर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह की अध्यक्षता में बैठक बुलायी गई।
एनएच 30 ए (फतुहा- हरनौत- बाढ़) के निर्माण में कुछ जगहों पर भू अर्जन के मुआवजा को लेकर कार्य बाधित हो रहा है। जिला पदाधिकारी ने ऐसे सभी मामलों की सूची के साथ एन एच के कार्यपालक अभियंता, जिला भू अर्जन पदाधिकारी एवं संबंधित अंचलाधिकारी को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि एक सप्ताह के अंदर इन सभी बाधाओं को दूर करने के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। भू अर्जन मुआवजा के भुगतान से संबंधित मामलों को प्राथमिकता देते हुए निराकरण करने का निर्देश दिया गया। व्यवधान रहित भाग में कार्य अविलंब पूर्ण करने का निर्देश कार्यकारी एजेंसी को दिया गया।
इसी प्रकार एनएच 82 के बिहार शरीफ- मोकामा मार्ग में जिला के अंतर्गत पड़ने वाले भाग में निर्माण कार्य में भी आ रही छोटी-छोटी बाधाओं को एक सप्ताह के अंदर दूर करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी बिहार शरीफ को अतिक्रमण से संबंधित बाधाओं को अविलंब दूर करने का निर्देश दिया गया।
सभी महत्वपूर्ण सड़कों में यातायात सुरक्षा की दृष्टि से डार्क स्पॉट (एक्सीडेंट प्रोन एरिया) को चिन्हित कर दुर्घटना के कारक तत्व की पहचान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। कारक तत्व के अनुरूप विधिवत यातायात सुरक्षा की दृष्टिकोण से उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला भू अर्जन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी बिहार शरीफ, एनएचएआई(NH-82) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर कर्नल अजय ठाकुर, एनएच के कार्यपालक अभियंता सहित कार्यकारी एजेंसी के अन्य अभियंतागण तथा अंचलाधिकारी आदि उपस्थित थे।


Post A Comment: