बिहार की बेगुसराय लोकसभा सीट से सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह अपने बयानों को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दरअसल गिरिराज सिंह ने विश्व जनसंख्या दिवस के मौके पर एक ऐसा बयान दिया, जिसपर विवाद खड़ा हो गया। गिरिराज सिंह ने एक कार्यक्रम में कहा कि देश में हिंदू और मुसलमान दोनों के लिए दो बच्चों का नियम लागू होना चाहिए और जो इस नियम को नहीं माने उसका वोटिंग का अधिकार खत्म कर देना चाहिए।
इस बयान को लेकर मुस्लिम धर्मगुरुओं और उलेमाओं ने तीखी प्रतिक्रिया जताई है। वहीं, गिरिराज सिंह के इस बयान पर ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने भी पलटवार किया है।
जनसंख्या को लेकर दिए गए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कहा, 'जनसंख्या बढ़ने के लिए किसी एक धर्म को निशाना बनाना गलत है। हमें वोट देने का अधिकार भारत के संविधान ने दिया है, किसी राजनीतिक पार्टी या उसके नेता ने नहीं। देश के अंदर कोई भी शख्स किसी से वोट करने का अधिकार नहीं छीन सकता।' मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली के अलावा कुछ अन्य उलेमाओं ने भी गिरिराज सिंह के बयान पर आपत्ति जताई है।


Post A Comment: