*अबतक 5 हजार से अधिक किसानों के खातों में जमा हुये 55.22 करोड़*
जयपुर, 13 नवम्बर। राजफैड की प्रबंध निदेशक डॉ. वीना प्रधान ने मंगलवार को बताया कि राजफैड द्वारा प्रदेश में समर्थन मूल्य पर बेचान करने वाले मूंग, उड़द, सोयाबीन एवं मूंगफली के 2 हजार 123 किसानों के खातों में 23.47 करोड़ रुपये ऑनलाइन जमा करा दिया है। राजफैड द्वारा अब तक 5 हजार 79 किसानों के खातों में 55 करोड़ 22 लाख रुपये ऑनलाइन जमा कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि जिन किसानों ने अपनी फसल का बेचान करने समय मूल गिरदावरी प्रस्तुत की थी उनकों भुगतान किया गया है और जल्द ही शेष किसानों को भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है।
प्रबंध निदेशक ने बताया कि राज्य में मूंग, उड़द एवं सोयाबीन की 11 अक्टूबर से तथा मूंगफली की 16 अक्टूबर से समर्थन मूल्य पर खरीद की जा रही है और अबतक 289.53 करोड़ रुपये मूल्य की उपज की खरीद की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि 12 अक्टूबर तक 18 हजार 106 किसानों से 212.98 करोड़ रुपये की मूंग, 5 हजार 622 किसानों से 52.77 करोड़ की उड़द, 1 हजार 527 किसानों से 15.99 करोड़ रुपये की मूंगफली तथा 1 हजार 178 किसानों से 7.80 करोड़ रुपये की सोयाबीन की खरीद की गई है।
डॉ. प्रधान ने बताया कि 295 खरीद केन्द्रों स्थापित की जा रही मूंग, उड़द, सोयाबीन एवं मूंगफली की खरीद के लिये अबतक 3 लाख 99 हजार 38 किसानों ने अपना ऑनलाइन पंजीयन करवाया है। उन्होंने बताया कि मूंग के लिये 2 लाख 1 हजार 270 किसानों ने, मूंगफली के लिये 1 लाख 8 हजार 586, उड़द के लिये 63 हजार 6 तथा सोयाबीन के लिये 26 हजार 176 किसानों ने ऑनलाइन पंजीयन करवाया है।


Post A Comment: