प्रारम्भिक अनुसंधान में दलित अपाहिज महिला से दुष्कर्म का प्रयास ओर बच्चे की हत्या का मामला झूँठा निकला

जयपुर 29 मई। महानिदेशक पुलिस राजस्थान श्री कपिल गर्ग ने भरतपुर जिले के नदबई थाना क्षेत्र में दिव्यांग महिला से दुष्कर्म का प्रयास के बारे में प्रकाशित समाचार पर संज्ञान लेते हुए  पुलिस अधीक्षक भरतपुर से तथ्यात्मक रिपोर्ट तलब की।
    प्राप्त तथ्यात्मक रिपोर्ट के अनुसार प्रारम्भिक अनुसंधान में दलित अपाहिज महिला से दुष्कर्म का प्रयास ओर बच्चे की हत्या का मामला झूँठा निकला है।
    पुलिस अधीक्षक भरतपुर श्री हैदर अली जैदी ने तथ्यात्मक रिपोर्ट में बताया कि अब तक के अनुसंधान व साक्ष्य के आधार पर निम्न तथ्य सामने आये:-
*1.* प्रकरण की परिवादिया व उसका पति मसारी थाना कठूमर जिला अलवर के रहने वाले है और करीब 6 माह पूर्व गोगाजी ईंट भट्टा लुहासा नदबई पर मजदूरी करने आये और तभी से इसी भट्टा पर बनी झुग्गी झोंपडीयों में रह रहे है। अन्य झुग्गी झोंपडीयों में कई अन्य मजदूरो के परिवार भी रह रहे है। इन सभी मजदूरां ने भट्टा मालिक से कुछ पैसा एडवांस ले रखा है तथा बाकी पैसा कार्य के हिसाब से भुगतान करने की तय होना अनुसंधान से सामने आया है।
*2.* झुग्गी के आस पडौस की झुग्गी झोंपडीयों में रहने वाले मजदूरों ने अपने बयानों में बताया कि परिवादीया के 8 वर्षीय बच्चे मृतक सनी को 12 मई,19 को हैजा की बीमारी हो गई थी। परिवादिया के पति प्रीतम जो शराब पीने का आदि है व झगडालू किस्म का है ने भट्टा मालिक से पैसा लेकर भी अपने बच्चे सनी का पूरा इलाज नही कराकर शराब के लिए पैसे रख लिये और प्राथमिक उपचार दिलाकर बच्चे को वापस ले गया जिसकी मृत्यु हो गई। बच्चे के इलाज करने वाले चिकित्सक ने भी इस बात की पुष्टि की कि 12 मई को उन्होंने बालक को डिहाईड्रेशन (उल्टी दस्त) का इलाज दिया।
*3.* मुस्तगीसा के पैतृक गांव मसारी थाना कठूमर जिला अलवर के उसके निकट परिवारजनो ने अपने बयानों में बताया कि दोनों 12 मई को रात्रि के समय सनी की लाश को लेकर पहुॅचे जिसका दाह संस्कार 13 मई को गांव में किया गया ओर उन्होंने अपने पुत्र की हैजा उल्टी दस्त होने से मृत्यु होना बताया।
   श्री जैदी ने बताया कि अब तक के अनुसंधान से परिवादीया के साथ आरोपियों द्वारा दुष्कर्म का प्रयास करने एवं उसके बालक सनी की गला दबाकर हत्या किये जाने सम्बन्धी तथ्यों की प्रथम दृष्टया पुष्टि नही हुई है। तफ्तीश पूर्ण की जाकर प्रकरण का निस्तारण किया जायेगा।
*ये है मामला*
27 मई को मसारी पुलिस थाना कठूमर जिला अलवर निवासी 28 वर्षीय दलित दिव्यांग महिला ने पुलिस अधीक्षक भरतपुर को एक रिपोर्ट इस आशय की पेश की कि 12 मई की रात्रि को गोगाजी ईंट उधोग नदबई के मालिक लक्ष्मन सिंह , बिज्जीराम, थानसिंह व एक पूर्व हवलदार शराब पीकर उसकी झुग्गी में घुस गए और लक्ष्मन सिंह व बिज्जीराम ने जबरदस्ती बलात्कार की कोशिश की।आवाज सुनकर पास सो रहे  8 वर्षीय बच्चे के जागने पर थानसिंह व हवलदार ने गला दबाकर बच्चे की हत्या कर दी। घटना के बाद भटटे मालिक ने हम दोनों को धमकाया कि सबसे यही कहना है कि तेरा बेटा बीमारी से मर गया नहीं तो हम सब तेरे पूरे परिवार को जिन्दा जला डालेंगें। जान जाने के डर की वजह से हमने 13 मई की सुबह 4.30 बजे गांव मसारी पहुंचकर अपने बेटे का दाह संस्कार कर दिया।
     पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस पर 27 मई को रिपोर्ट दर्ज की जाकर अनुसंधान श्री बैनीप्रसाद आरपीएस द्वारा प्रारम्भ किया गया एवं घटना के सम्बन्ध में जानकारी करने व अनुसंधान में सहयोग करने हेतु वृत्ताधिकारी ग्रामीण  श्री परमाल सिंह व  थानाधिकारी  नदबई श्री राजाराम के नेतृत्व में दो टीमों का गठन किया गया।

Post A Comment: