शंकर दयाल शर्मा की रिपोर्ट - अस्थावां थाना इलाके के मुस्तफापुर गांव में बीते 4 जुलाई को बदमाशों ने ईंट से पिटाई कर किसान को जख्मी कर दिया था। जख्मी नरेश प्रसाद की मौत इलाज के दौरान पटना में हो गयी ।मौत के बाद परिजन शव को लेकर थाना पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया। मारपीट के बाद राजकुमार साव और उनके भाई को आरोपित कर एफआईआर दर्ज कराई गई थी। मौत के बाद केस में हत्या की सुसंगत धारा लागू कर दी गई। मरखंडी गाय की शिकायत करने पर किसान की पिटाई की गई थी।
पत्नी पर गाय ने किया था हमला, शिकायत करने पर पीटा
मृतक की पत्नी शिवर्ती देवी ने आरोपों में बताया है कि 4 जुलाई को वह मूंग तोड़ने खेत जा रही थी। उसी दौरान रास्ते में राजकुमार साव की मरखंडी गाय ने उन पर हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया। जानकारी मिलने पर उनके पति नरेश प्रसाद मौके पर पहुंचे। पति जख्मी पत्नी को गोद उठा इलाज के लिए ले जा रहे थे। उसी दौरान रास्ते में पशुपालक भाई मिले। पति ने पशुपालकों से शिकायत करते हुए कहा कि वे लोग अपनी मरखंडी गाय को बांध कर रखें। इसके बाद दोनों भाई गाली-गलौज करते हुए उनके पति से उलझ गए और ईंट से गर्दन पर मार कर उन्हें जख्मी कर दिया।इसके बाद पटना में। इलाज के दौरान रात में उनकी मौत हो गई।
कार्रवाई में जुटी पुलिस –
थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि घटना के बाद जख्मी की पत्नी ने दो लोगों को आरोपित कर मारपीट की एफआईआर दर्ज कराई थी। मौत के बाद केस में हत्या की धारा लागू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई में जुट गई है।

Post A Comment: