शंकर दयाल शर्मा की रिपोर्ट - दीपनगर थाना इलाके के विशुनपुर गांव के खंधे में मंगलवार की शाम ठनका गिरने से 2 लोगों की जान चली गयी। दोनों बारिश से छिपने के लिए एक झोपड़ी में छिपे थे। झोपड़ी के उपर ही वज्रपात हो गया। इससे झोपड़ी के साथ ही दोनों के शरीर भी जलकर राख हो गये। मृतक मानपुर थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव निवासी टुन्ना यादव और कपिल यादव थे। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजन को सौंप दिया है। परिजनों ने बताया कि दोनों गांव के बाहर खंधे में मवेशी चराने गये थे। अचानक ही तेज हवा के साथ बारिश होने लगी। दोनों बारिश से बचने के लिए खेत की रखवाली के लिए बनाये गये फूस की एक झोपड़ी में छिप गये। उसी दौरान जोर की आवाज के साथ वज्रपात हुआ और झोपड़ी जलने लगी। ग्रामीणों को जानकारी मिली तो दौड़कर वहां पहुंचे। दोनों के शरीर पूरी तरह से जल चुके थे। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर मानपुर व दीपनगर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। दीपनगर थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम करा परिजन को सौंप दिया गया है। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया ।


Post A Comment: