गोरखपुर से सांसद व भोजपुरी फिल्म अभिनेता रवि किशन ने कहा कि कर्नाटक व गोवा में मोदी मैजिक के कारण अन्य दलों के विधायक भाजपा में आ रहे हैं। विपक्षियों की ओर से पैसे देकर इस्तीफे दिलाने के आरोप को उन्होंने निराधार करार दिया। सांसद बनने के बाद रविकिशन शनिवार को पहली बार बाबा का दर्शन करने आए थे।

मीडिया से मुखातिब फिल्म स्टार सांसद ने कहा कि कांग्रेस ने देश का व गरीबों का वर्षो से राजनीतिक शोषण किया है और उनका हक मारा। अपने कर्मो से यह पार्टी खत्म होने के कगार पर है और जल्द विलुप्त हो जाएगी। मॉब लिंचिंग की घटनाओं को उन्होंने विपक्ष की साजिश करार दिया। कहा कि यह सब भाजपा का नाम खराब करने की साजिश के तहत विपक्ष के लोग करवा रहे हैं।

उन्होंने खुलासा के अंदाज में कहा कि विपक्ष के लोग अब प्रधानमंत्री की ओर चल रही महत्वाकाक्षी योजनाओं यथा जन धन योजना, आयुष्मान योजना, शहरी एवं ग्रामीण आवास योजना में बिचौलिया बन कर इन सुविधाओं को लोगों तक नहीं पहुंचने दे रहे हैं। इससे भाजपा का नाम खराब हो रहा है। उन्होंने ऐसे लोगों को पकड़ कर थाने ले जाने का जनता से आह्वान किया।

Post A Comment: