विनय कुमार मिश्र गोरखपुर ब्यूरों।
नगर निगम बोर्ड की चौथी बैठक में मंगलवार को कई निर्णय लिये गये। मेयर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सर्वसम्मति से यह कहा गया कि फर्टिलाइजर स्थित अस्थाई काजी हाउस यानी अब कान्हा उपवन का एरिया बढ़ाया जाएगा। वहीं यह भी निर्णय लिया गया कि पार्षद वरीयता के आधार पर कराए गये कार्यों के 10-10 लाख धनराशि का वार्ड भुगतान नियमानुसार शीघ्र किया जायेगा। वहीं ठेकेदारों द्वारा किये गये कार्यों का बकाया भुगतान तीन महीने बाद नियमानुसार किया जाएगा। गीडा स्थित अस्थाई कान्हा उपवन/ पशुशाला भूमि किराये पर लेना एवं अस्थाई प्रवृत्ति के निर्माण कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेन्ट/ कूड़ा निस्तारण के लिए भी गहन मंथन हुआ। बैठक में लाइसेन्स यातायात शुल्क ठेके को निरस्त करने एवं पार्किंग कार्यवृत्ति की स्वीकृति प्रदान की गई। दो पहिया, चार पहिया वाहनों के लिए 13 स्थानों पर पार्किंग स्थल बनाया गया था, जहां जाम की समस्या देखते हुए सभी स्टैण्डों का ठेका तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की स्वीकृति दी गई। बैठक में यह भी तय हुआ कि सभी ठेकेदार दशहरा एवं दीपावली, छठ पर्व को देखते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में महानगर को स्वच्छ एवं रात्रि में प्रकाशमय करने की व्यवस्था अविलंब कर लें। ऐसा न होने पर ठेका निरस्त किया जाएगा।

Post A Comment: