राजेन्द्र स्वर्णकार का हुआ सम्मान
रविवार, 14 जुलाई 2019
बीकानेर में कवि चौपाल द्वारा लगभग तीनसौ मौलिक धुनों के निर्माता एवं तीन हज़ार से अधिक गीत ग़ज़ल छंदों के रचयिता ब्राह्मण स्वर्णकार समाज के प्रतिभाशाली कवि गीतकार राजेन्द्र स्वर्णकार का किया गया भव्य सम्मान !
इस अवसर पर श्री स्वर्णकार ने  काव्यपाठ भी किया !
आपने अपने काव्यपाठ का प्रारंभ कविता की व्याख्या में लिखे दोहे से किया -
"कथ्य, शिल्प, लय, भाव का, कविता मन का खेल !!"
तत्पश्चात भरपूर प्रोत्साहन और सराहना के बीच दुर्मिल सवैया रचना प्रस्तुत की ।
"सकुचाय रही, शरमाय रही, हरषाय रही, मन मांय अली
छलिया मनमोहन आय अचानक आन मिल्यो मधु कुंज गली"
मां सरस्वती की कृपा से राजेन्द्र स्वर्णकार द्वारा लिखे गए कृष्ण राधा और बांसुरी संबंधी मनहरण कवित्त की शृंखला सर्वत्र पसंद की जाती है, यहां भी इन छंदों की फ़रमाइश हुई ।
"किस किस लीला का बखान करूं सांवरा तो, चतुर सयाना पक्का पूरा लीलाधारी है !"
"सूरदास मीरा रसखान ने किया ज्यों ; वैसा, कृष्ण-गुण-गान कवि कौन कर पाएगा ?"
"नहीं ब्रज-सम माटी मेरे मरुधर की रे !
हमारे लिए तो यही केशर-चंदन है !"
सहित नौ-दस कवित्त के सस्वर सरस प्रस्तुतिकरण को मंच और उपस्थित जनसमूह द्वारा अत्यधिक पसंद किया गया...  ...  ...
कार्यक्रम की अध्यक्षता की हिंदी के विद्वान वरिष्ठ समालोचक डॉ.उमाकांत गुप्त ने, और विशिष्ट अतिथि थे संस्कृत के विद्वान डॉ.रजनीरमण झा । मंच पर विद्वान द्वय की गरिमामय उपस्थिति के साथ ही मंच पर उपस्थित रहे आकाशवाणी के वरिष्ठ उद्घोषक श्री प्रमोद शर्मा और राजस्थानी के व्याख्याता गौरीशंकर प्रजापत ।
कवि चौपाल के अध्यक्ष श्री रामेश्वर बाड़मेरा ने मनोयोग से श्री स्वर्णकार के लिए लिखे प्रशस्तिपत्र का वाचन किया...
संचालन का दायित्व बहुत कुशलतापूर्वक निभाया राजस्थानी हिंदी के गुणी साहित्यकार एवं राजस्थली पत्रिका के संपादक श्री रवि पुरोहित ने
...और
कवि चौपाल के संरक्षक सर्वेसर्वा और सर्वत्र लोकप्रिय फ़न वर्ल्ड वाटर पार्क के मालिक उद्योगपति सरल हृदय श्री नेमचंद जी गहलोत ने स्वर्णकार के सम्मान में उपहारों की झड़ी लगा दी, कार्यक्रम में श्री राजेन्द्र स्वर्णकार की सहधर्मिणी श्रीमती संपतदेवी का भी शॉल पुष्पमाला द्वारा सम्मान किया गया ।
सुंदर सफल आयोजन में सम्मानित होने पर समाज के कवि गीतकार श्री राजेन्द्र स्वर्णकार को बधाई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मंगलकामनाएं !

Post A Comment: