शंकर दयाल शर्मा की रिपोर्ट -पिछले 4 माह से पेयजल की संकट से जूझ रहे दरियापुर-बिगहापर गांव के लोगों ने गुरुवार को इस्लामपुर-पटना मार्ग को 3 घंटे जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तसला-बाल्टी लेकर सड़क पर उतरी महिलाओं ने आरोप लगाया कि नल-जल योजना के तहत सभी घरों को पानी नहीं मिल रहा है। लोगों के साथ जानवर भी बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। बता दें कि एक महीना पहले भी गांव के लोगों ने पेयजल के लिए सड़क जाम की थी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया था लेकिन कुछ फायदा नहीं हुआ।लोगों ने बताया कि नल-जल योजना के तहत बोरिंग की गयी है। लेकिन इससे कुछ ही परिवारों को लाभ हो रहा है। बिगहापर टोले में तो पाईप तक नहीं बिछायी गयी है। चापाकल पहले ही सूख चुके हैं। पीने के लिए भी पानी नहीं मिल रहा है। पानी के लिए दूसरे टोले व गांवों की दौड़ लगानी पड़ती है। पानी के लिए कई बार विवाद की स्थिति पैदा हो जाती है। एक महीना पहले भी जाम कर अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया था। पर कोई फायदा नहीं हुआ। जाम की सूचना पर बीडीओ प्रियदर्शी राजेश व थानाध्यक्ष शरद कुमार रंजन वहां पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। ग्रामीणों के साथ बैठक कर जल्द पेयजल उपलब्ध कराने के आश्वासन पर लोग शांत हुए और करीब 3 घंटे बाद लोगों ने जाम हटाया। बीडीओ ने कहा कि 2 से 3 दिन के अंदर दरियापुर-बिगहापर गांव के लिए बोरिंग करायी जाएगी।

Post A Comment: